एक महिला के साथ कथित रूप से रेप के लिए यहां नौसेना के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने रविवार को ये जानकारी दी.
कोट्टायम, पीटीआइ। केरल में एक महिला के साथ कथित रूप से दुष्कर्म के मामले में नौसेना के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित महिला के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और आरोप लगाया था कि नौसेना के अधिकारी ने शादी का झूठा वादा करके उसकी बेटी से दुष्कर्म किया है।
पुलिस ने बताया कि मुम्बई में नौसेना के चीफ पेटी ऑफिसर मुरली कुमार (38) को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उस पर अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार (निवारण) अधिनियम के तहत भी आरोप लगाये गये है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कुमार ने उसके साथ उस समय दुष्कर्म किया, जब वह पिछले सप्ताह यहां एक होटल में उससे मिलने गई थी।
इसके साथ ही पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कथित रूप से उसे होटल के एक कमरे में बुलाया था। यह घटना उस समय प्रकाश में आई जब महिला को यहां के निकट एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो बार मिस्टर एशिया टाइटिल धारी और आठ बार मिस्टर इंडिया टाइटल धारी कुमार की कथित रूप से सोशल मीडिया के माध्यम से महिला से मित्रता हुई थी। पुलिस ने बताया कि इस घटना पर वह नौसेना के अधिकारियों के समक्ष एक रिपोर्ट दाखिल करेंगे।